
'वंदे गंगा' एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान: इटड़िया ग्राम में सरोवर पूजा, श्रमदान और वृक्षारोपण
फूलियाकलां@कमलेश शर्मा | फूलियाकलां उपखंड के ग्राम इटड़िया में आज 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने सरोवर की पूजा अर्चना कर श्रमदान किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सघन पौधारोोपण भी किया गया।
उपखण्ड अधिकारी बाबूलाल ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और अधिक से अधिक पेड़ लगाने हेतु शपथ दिलाई। उन्होंने जल स्रोतों के महत्व और वृक्षारोपण की आवश्यकता पर जोर दिया, साथ ही इन अभियानों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा शुरू किए गए 'वंदे गंगा' जल संरक्षण जन अभियान और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर अत्यंत हर्ष होता है कि क्षेत्रवासी इन महा अभियानों में बढ़-चढ़कर और उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। डॉ. बैरवा ने जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को समय की मांग बताते हुए सभी से इसमें निरंतर योगदान देने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदयलाल सिरोठा, क्षेत्र के सरपंचगण, सभी विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इन जनहितैषी अभियानों को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। इस प्रकार के सामूहिक प्रयासों से निश्चित रूप से क्षेत्र में जल संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने में मदद मिलेगी।