
अभिषेक कलाल को भाजपा फूलियाकलां मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी, धनोप से लगातार दूसरी बार मिली कमान
फूलियाकलां (कमलेश शर्मा)– भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में नई ऊर्जा और जोश भरने के उद्देश्य से फूलियाकलां मंडल अध्यक्ष पद पर धनोप निवासी अभिषेक कलाल की नियुक्ति की है। यह नियुक्ति भाजपा के जिला नेतृत्व की अनुशंसा और वरिष्ठ नेताओं की सहमति से की गई है। अभिषेक कलाल पूर्व में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दे चुके हैं।
अभिषेक कलाल के अध्यक्ष बनने के साथ ही धनोप गांव को लगातार दूसरी बार मंडल अध्यक्ष पद का गौरव प्राप्त हुआ है। इससे पहले उदयलाल सिरोठा इस पद पर कार्यरत थे और अब उनके बाद भी मंडल की कमान धनोप के ही हाथों में आई है। स्थानीय राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अभिषेक कलाल की यह नियुक्ति न केवल उनकी संगठन के प्रति वफादारी का परिणाम है, बल्कि विधायक डॉ. लालाराम बैरवा के साथ उनकी निकटता और बेहतर समन्वय भी इस निर्णय में अहम कारक रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद अभिषेक कलाल ने कहा कि वे भाजपा की विचारधारा और नीतियों को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि उनका प्राथमिक लक्ष्य कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा रखना, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आमजन के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाना होगा।
हालांकि मंडल अध्यक्ष पद के लिए कुछ और नाम भी कतार में थे जिनमें एडवोकेट विजय पाराशर, एडवोकेट शिवराज कुमावत, लक्ष्मण वैष्णव, हेमराज गुर्जर आदि।
इस अवसर पर मंडल और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने फूलों की माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि अभिषेक कलाल के नेतृत्व में मंडल संगठन नई ऊर्जा के साथ आगामी चुनावी चुनौतियों का सामना करेगा और भाजपा को मजबूत बनाएगा।